फर्रुखाबाद। त्योहारों को देखते हुए मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान खोया, लड्डू, बर्फी सहित छह नमूने लिए गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह, संजय कुमार सिंह अरुण कुमार मिश्र के साथ छापा डाला। उन्होंने कायमगंज में रेलवे रोड स्थित दयाराम के लखपति मिष्ठान भंडार से खोया व बेसन के लड्डू, सदाराम की दुकान से बूंदी का लड्डू, कंपिल रोड निकट दुर्गा टाॅकीज स्थित सूरज के मिष्ठान भंडार से खोया व बर्फी का नमूना लिया। करीब 6000 रुपये कीमत की 20 किलो बर्फी नष्ट कराई गई।
वहीं बाईपास रोड स्थित नवीन गंगवार की दुकान से छुहारे का नमूना लिया गया। सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि अभियान में छह नमूने लिए गए। इनकी प्रयोगशाला में जांच होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।