फर्रुखाबाद। कॉलेज में निरीक्षण करने पहुंचे डीआईओएस को तीन शिक्षिकाएं व दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डीआईओएस ने अनुपस्थिति सभी कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह शनिवार को मोहम्मदाबाद के डाॅ.शिवनंदन सिंह इंटर कॉलेज खिमसेपुर का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान शिक्षिका मंजुला गौर, बबली पोरवार, रीमा, सीमा बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलीं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आकाश व सुमन भी नहीं मिले। कॉलेज में एक भी छात्र न होने से यह स्पष्ट हुआ कि कॉलेज की पहले ही छुट्टी कर दी गई।
कॉलेज में जलभराव और जर्जर स्थित को देखते हुए प्रधानाचार्य को प्रबंधक से बात करते हुए प्रोजेक्ट अलंकार योजना में शामिल होकर कॉलेज भवन का जीर्णोद्वार कराने के निर्देश दिए। डीआईओएस ने बताया कि अनुपस्थित मिलीं शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश देते हुए प्रधानाचार्य को कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।