फर्रुखाबाद। मकान के फर्जी दस्तावेज से लोन लेने में पुलिस ने बैंक प्रबंधक सहित छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला हरभगत स्ट्रीट निवासी संदीप औदिच्य ने मोहल्ला घोड़ा नखास निवासी रेनू बाथम, बंदना बाथम, हृदेश बाथम, नरेंद्र कुमार, स्टेट बैंक शाखा रेलवे रोड के बैंक प्रबंधक व फील्ड ऑफीसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि उसने भाइयों के साथ मिलकर 6 फरवरी 2019 को रेनू बाथम, वंदना बाथम से आवासीय भवन का बैनामा करवाया था। बैनामा में रेनू के पति नरेंद्र कुमार, वंदना के पति हृदेश बाथम गवाह है। रेेनू बाथम व वंदना ने बेचे गए आवासीय भवन को अपना बताकर स्टेट बैंक में बैनामा के फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर बैंक प्रबंधक व फील्ड ऑफीसर की साठ गांठ से लोन करवा कर रुपये ले लिए। यह आवासीय भवन रेनू बाथम वंदना ने 7 अक्तूबर 2016 को मोहल्ला सदवाड़ा निवासी संजीव कुमार से खरीदी थी। उसके बाद उसी आवासीय भवन का बैनामा उसके व भाई के नाम पर कर दिया था। कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।