सदर तहसील में राशन के इंतजार में बैठी महिलाएं।
- फोटो : FARRUKHABAD
तहसील में बिताए छह घंटे, नहीं मिला राशन
फर्रुखाबाद। इस समय बिना राशन कार्ड वाले परिवारों के सामने संकट है। ऐसे में सोमवार को सुबह 9 बजे राशन की आस में सदर तहसील में 30-35 महिला-पुरुष पहुंचे। ये ऐसे लोग थे, जिनका राशन कार्ड नहीं बन सका है। कुछ ऐसे भी थे, जिनके पास राशन कार्ड थे। इनको कोटेदार ने यूनिट कट जाने की बात कहकर इतना भी राशन नहीं दिया, तो कुछ दिनों की गुजर हो जाती।
लालगेट पानी की टंकी निवासी रामबेटी, मयूरजहां, शीला, तलैया वाली गली निवासी नसरीन, नजमा, पलरिया की सुधा के अलावा नाजरीन, शिवानी, प्रेमादेवी आदि महिलाएं बरामदे और चबूतरे पर बैठी थीं। वहां पड़ी कुर्सियों पर कोई भी कर्मचारी नहीं था। इस दौरान सोशल डिस्टेंस की धज्जियां भी उड़ती रहीं और कोई देखने वाला नहीं था।
दोपहर बाद सवा दो बजे तहसीलदार राजू कुमार पहुंचे, तो उन्होंने अधीनस्थों को सूची बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अपने स्तर से इनकी कुछ मदद कर देते हैं। अब सूची की जांच कराकर ही इन्हें राशन मिल सकेगा। शाम तीन बजे के करीब महिलाएं खाली हाथ ही वापस अपने घरों को चली गईं।