फर्रुखाबाद। बरसात और बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुए जनपद के लघु व दीर्घ सेतुओं की अब मरम्मत कराई जाएगी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद कुल 1.41 करोड़ रुपये की लागत से छह सेतुओं के सुधार का कार्य कराया जाएगा। इससे क्षेत्रीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
अमृतपुर-हमीरपुर-किराचन चौरा बसोला मार्ग पर सोतानाला स्थित दीर्घ सेतु की मरम्मत 27 लाख रुपये से होगी। वहीं डबरी-राजेपुर-कडक्का-कुतलूपुर गोटिया संपर्क मार्ग पर 10.25 मीटर के लघु सेतु का कार्य 21.50 लाख रुपये तथा इसी मार्ग पर 12.25 मीटर के दूसरे लघु सेतु का मरम्मत व पुनरुद्धार 16.50 लाख रुपये से कराया जाएगा।
कुम्हरौर संपर्क मार्ग पर नाले के ऊपर बने 31 मीटर के लघु सेतु की मरम्मत 22 लाख रुपये से प्रस्तावित है। इसके अलावा अमृतपुर-जरियनपुर मार्ग से लीलापुर-उधरनपुर होते हुए किराचन नाला सीमा तक 79 मीटर लंबे दीर्घ सेतु की मरम्मत का कार्य 26 लाख रुपये में होगा। जलालाबाद-शमसाबाद-मोहम्मदाबाद-सौरिख-विधूना मार्ग पर बघार नाला स्थित लघु सेतु की मरम्मत 28.40 लाख रुपये से कराई जाएगी।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि शासन की मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इन सेतुओं के दुरुस्त होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा।