अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। भाई के आत्महत्या करने की जानकारी पर चचेरी बहन ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव गुढ़ेरा निवासी जयवीर कुशवाह (22) दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। वह दो माह पहले नौकरी छोड़कर गांव आ गया। पिता व भाइयों का खेती में हाथ बंटाता था। रविवार की रात जयवीर ने परिजनों के साथ खाना खाया और उसके बाद कमरे में सोने के लिए चला गया। परिवार के अन्य लोग छत पर सोने चले गए। सोमवार सुबह लगभग आठ बजे तक जयवीर सोकर नहीं उठा तो पिता रामकृष्ण उसके कमरे के बाहर पहुंचे।
जयवीर को आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोलने का प्रयास किया, तो वह अंदर से बंद पाया। रामकृष्ण के शोर मचाने पर पुत्र रामकरन, अरुण, सुखवीर व मां कुसमा देवी आ गई। खिड़की से झांककर देखा तो जयवीर पंखे के कुंडे में दुपट्टे के फंदे से लटका था। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर जयवीर को फंदे से उतारा।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। रामकृष्ण के घर से सौ मीटर दूरी पर चचेरे भाई बृजेश कुमार का घर है। उनकी पुत्री देवकी (20) को चचेरे भाई जयवीर के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी हुई तो उसने भी कमरे के कुंडे में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बृजेश कुमार पुत्री देवकी को आवाज देते हुए कमरे में पहुंचे। उसको फंदे पर लटका पाया। जानकारी मिलने पर एसओ मीनेश पचौरी मौके पर पहुंची। देवकी के शव को फंदे से उतरवाया।
फाेरेसिंक टीम ने मौके पर जांच कर नमूने एकत्र किए। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसओ मीनेश पचौरी ने बताया भाई के आत्महत्या करने की जानकारी पर चचेरी बहन ने भी फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। परिजन आत्महत्या के कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। एएसपी डॉ संजय कुमार ने बताया कि भाई के आत्महत्या करने पर बहन ने भी खुदकुशी कर ली।