फर्रुखाबाद। महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) फतेहगढ़ में बुधवार को जिला स्तरीय नव प्रवर्तन प्रदर्शनी लगाई गई। रेशम की चूड़ियों के साथ ही क्रोसिया से बने उत्पादों की हर किसी ने सराहना की। बेहतर उत्पाद बनाने वाले शिल्पकार का अभिनंदन किया गया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के निर्देश पर जिला विज्ञान क्लब की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने किया। प्रदर्शनी में जनपद के कारीगरों ने हाथ से बनाए उत्पादों को प्रस्तुत किया। किसी ने रेशम की चूड़ियां, क्रोसिया से बनाए उत्पाद तो किसी ने सेंसरयुक्त स्वचालित दरवाजा व गोबर से बने उत्पाद बनाकर प्रस्तुत किए। निर्णायकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए बनाए गए मॉडलों को सराहा।
गोमय उत्पाद को प्रथम, अभिषेक चतुर्वेदी को द्वितीय, गीतांजली चौहान को तृतीय स्थान मिला। इन लोगों को क्रमश : आठ, पांच व तीन हजार रुपये नगद देकर पुरस्कृत किया गया। पूर्णिमा दीक्षित, पूनम पाल, सौरभ प्रजापति, यासमीन बेगम, आलिया बेगम व आशुतोष राजपूत को दो-दो हजार रुपये सांत्वना पुरस्कार के रूप में दिए गए। निर्णायक मंडल में डॉ. सौरभ कुमार, डॉ. रंजना दीक्षित, डॉ. नागेंद्र प्रसाद व ब्रजेश कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन सरिता त्रिवेदी ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत, शैलजा मौर्य, बविता यादव, सर्वेश शाक्य, शिल्पी, निर्मला सिंह, गुलशन जहां मौजूद रहे।