कंपिल। क्षेत्र के गांव कमरुद्दीन नगर में झोपड़ी में लगी आग से झुलसकर बच्ची की मौत के बाद दूसरे बुधवार को गांव में सन्नाटा रहा। पीड़ित परिवार के लिए ग्रामीणों ने भोजन आदि की व्यवस्था की।
क्षेत्र के गांव कमरुद्दीन नगर निवासी उर्वेश यादव मंगलवार दोपहर को झोपड़ी में परिवार के साथ आराम कर रहे थे। तभी झोपड़ी में लगी आग में जलकर उनकी दो वर्षीय पुत्री कुसुम प्रभा की मौत हो गई। मासूम को बचाने गईं उसकी दादी जदुरानी झुलस गई थीं। उन्हें लोहिया में भर्ती कराया गया था। वहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार लगभग तीन लाख रुपये का सामान व नकदी जलकर नष्ट हो गई। बुधवार सुबह परिजनों ने बच्ची के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को खाने-पीने की वस्तुएं उपलब्ध कराकर मदद की। मां सरिता का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बुधवार सुबह से दूर-दराज से आए रिश्तेदार व अन्य लोग परिवार को ढांढस बंधाते रहे।