फर्रुखाबाद। स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में बुधवार को गंगा टी-टेन क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। पहले दिन चार मैच खेले गए, जिसमें चौके-छक्कों की बौछार देखने को मिली।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बल्लेबाजी व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने गेंदबाजी कर किया। पहला मैच फर्रुखाबाद व रायल स्ट्राइकर इलेवन के बीच हुआ। फर्रुखाबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित दस ओवर में चार विकेट खोकर 91 रन बनाए।
रायल स्ट्राइकर ने आठ ओवर में तीन विकेट खोकर मैच जीत लिया। 44 रन बनाने वाले विकास कुमार मैन ऑफ द मैच रहे। दूसरे मैच में गंगा वारियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दस ओवर में नौ विकेट खोकर 130 रन बनाए। फतेहगढ़ योद्धा की टीम दस ओवर में छह विकेट खोकर 122 रन ही बना पाई। जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मोहनलाल अग्रवाल, क्रिकेट कोच अमिताभ पान व अहमद मियां आदि मौजूद रहे।