कमालगंज। मीठापुर गांव में रावेंद्र राजपूत (60) को जांघ में गोली उसके खुद के तमंचे से लगी थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि वह गोट में तमंचा खोंसकर सो रहा था। लापरवाही के चलते गोली चल गई थी। इधर, बेटे ने इसी मामले में भाजपा नेता समेत चार को नामजद किया था। पुलिस ने सही तथ्य उजागर होने पर वृद्ध को तमंचा रखने के आरोप में जेल भेज दिया।
मीठापुर निवासी रावेंद्र की जांघ में 14 नवंबर 2021 की रात सोते वक्त गोली लग गई थी। इस मामले में रावेंद्र के पुत्र सतीश ने भाजपा नेता रंजीत, अनिल, सुशील व सुभाष के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायर करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि बरामदे में सो रहे पिता को आरोपियों ने गोली मार दी। गोली उनके सीधे पैर की जांघ में लगी थी।
रविवार को दरोगा विक्रम यादव ने सतीश के घर पहुंचकर वृद्ध रावेंद्र से घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की। रावेंद्र ने बताया कि वह तमंचे को गोट में खोंसकर सो रहा था। तमंचा एक तरफ चुभ रहा था। उसे ठीक करने के दौरान हुई लापरवाही से गोली चल गई जो पैर में लगी थी। वह खुद की सुरक्षा के लिए तमंचा रखता था। लोगों के बहकावे में आकर उसके पुत्र ने चचेरे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके बाद रावेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने घर से कुछ दूरी पर स्थित ट्यूबवेल से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया। पुलिस ने रावेंद्र के खिलाफ तमंचा रखने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।