फर्रुखाबाद। शहर में फुटपाथ पर दुकानदारों के कब्जे, सड़क पर खड़ी कारों और बेरोकटोक घुसते ई-रिक्शा के कारण रोजाना जाम लग रहा है। व्यापारी नेता लगातार जिला स्तरीय बैठकों में यह मुद्दा उठाते हैं, लेकिन यातायात विभाग और पुलिस के अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसका सीधा असर लोगों के दैनिक जीवन और दुकानदारों के कारोबार पर पड़ रहा है।
शहर के मुख्यमार्ग नितगंजा उत्तर में दोपहर एक बजे के करीब सड़क किनारे कारें खड़ी कर दी गईं। इससे चंद मिनटों में ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और एक घंटे तक जाम लगा रहा। बढ़पुर शीतला माता मंदिर के पास भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खड़े होने से आधा घंटे तक वाहन फंसे रहे। इन दोनों स्थानों पर कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था। तहसील तिराहे पर दोपहर ढाई बजे बेतरतीब वाहनों के घुसने से डेढ़ घंटे का जाम लग गया। तिकोना चौकी से मऊदरवाजा थाने तक और चिलसरा रोड पर रकाबगंज खुर्द तक वाहनों की कतारें लग गईं। जाम में फंसे अधिवक्ता रामजी बाजपेयी ने शाम पौने चार बजे बताया कि वह सवा घंटे से अधिक समय से फंसे हैं और कोई जाम खुलवाने वाला नहीं है। इस दौरान भी कोई पुलिस कर्मी नहीं दिखा।
यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश
यातायात क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। उन्होंने शहर में घुसने वाले अवैध वाहनों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर ही स्थिति में सुधार संभव होगा।