फैजबाग चौराहे पर लगा एकमात्र हैंडपंप करीब एक पखवारा से खराब पड़ा है। हैंडपंप ठीक न होने से दुकानदार ठेली पर काफी दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर राहगीरों की प्यास बुझा रहे हैं। बीडीओ नाजमा सिद्दीकी ने बताया कि तीन दिन में हैंडपंप ठीक करा दिया जाएगा।
फैजबाग चौराहे पर पानी के लिए सिर्फ एक ही हैंडपंप लगा है। चौराहे से रोजाना सैकड़ों राहगीरों का आवागमन होता है। यह हैंडपंप करीब 15 दिन पहले खराब हो गया। दुकानदार रोहित कुमार दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर ठेली से लाते हैं और राहगीरों को पिलाते हैं। महेशचंद्र, छोटू और झंगड़ी आदि दुकानदारों का कहना है कि प्रधान से कई बार हैंडपंप ठीक कराने की मांग कर चुके हैं लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रधान सुधांशु गंगवार ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी का पद खाली चल रहा है। इस वजह से विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं।