फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पल्ला तालाब पश्चिम में दबंगों ने मारपीट करते हुए दुकान में आग लगा दी। दुकान मालिक को उसमें धकेल कर जिंदा जलाने का प्रयास किया। शोर होने पर हमलावर मौके से भाग गए। दुकान मालिक का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया गया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। पुलिस मारपीट की घटना कहकर पल्ला झाड़ती रही। वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई।
रविवार शाम किसी बात को लेकर दबंगों का किराना दुकानदार सुरेशचंद्र मिश्र (57) से विवाद हो गया। देखते ही देखते हमलावरों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। एक हमलावर ने सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया। गुस्साए हमलावरों ने दुकान में आग लगा दी। आग लगाने के बाद दुकान मालिक को उसी में फेंक दिया। किसी ने वीडियो बनाया, जिसमें एक दबंग दोबारा लौटकर दुकान में लात मार रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के आने से पहले हमलावर मौके से भाग गए।
आनन-फानन में झुलसे सुरेशचंद्र मिश्र को लोहिया अस्पताल में लाया गया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। शहर कोतवाल राजीव पांडेय ने बताया कि मारपीट की जानकारी मिली थी। आग लगाने की कोई सूचना नहीं है। वहीं पल्ला चौकी पुलिस के दारोगा विजय कुमार ने बताया कि दो पक्षों में मारपीट हुई थी। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों की जानकारी की जा रही है।