फर्रुखाबाद। तीन दिवसीय फर्रुखाबाद शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में निशानेबाजों ने सोना-चांदी जीत कर अपने हुनर का प्रदर्शन किया। समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया।
फतेहगढ़ में भीमसेन मार्केट में स्थित अभिमन्यु स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी में तीन दिन चली शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर पिस्टल में सैनिक के बच्चों आकांक्षा ध्वानी, तनिष्का ध्वानी, वैष्णवी, अंश, दीप सिंह ने स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक हासिल किए। 10 मीटर एयर पिस्टल बालिका वर्ग में आरती चतुर्वेदी ने स्वर्ण, मोहिनी यादव ने रजत, पल्लवी ने कांस्य पदक, बालक वर्ग में रितिक पाल ने स्वर्ण, अमित ने रजत, दीपक ने कांस्य पदक पर कब्जा किया।
दस साल से नीचे की आयु बच्चों की हुई प्रतियोगिता में अनंत राजपूत ने स्वर्ण, अमन सूर्यवंशी ने स्वर्ण व कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में करीब 150 निशानेबाज खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसका संचालन त्रिलोकीनाथ पाल ने किया।
डॉ. केएम द्विवेदी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मेजर श्रीनिवास, समाजसेवी सरल दुबे, एकेडमी के प्रबंधक अंतर राष्ट्रीय निशानेबाज अनिल कुमार पाल, परियोजना अधिकारी जय विजय सिंह, सूबेदार रघुवीर सिंह, आर्मी कोच सुखविंदर सिंह मौजूद रहे।