फर्रुखाबाद। सावन माह के तीसरे सोमवार को जिले भर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु मंदिरों की ओर पहुंचने लगे। शहर के रेलवे रोड स्थित पांडवेश्वरनाथ मंदिर, कोतवालेश्वरनाथ, द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम समेत अन्य शिवालयों में भक्तों ने जलाभिषेक और पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। नवाबगंज के पुठरी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ भगवान के दर्शन-पूजन के लिए लगी रही। श्रद्धालुओं ने बाबा का अभिषेक कर आशीर्वाद लिया।
चौमुखी महादेव मंदिर में लगी कतारें
शमसाबाद के प्रसिद्ध चौमुखी महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। ढाई घाट क्षेत्र और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में कांवड़िये गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर चौमुखी महादेव के दर्शन किए और जलाभिषेक कर मनौती मांगी। भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के इंतजाम किए गए। उधर कंपिल के रामेश्वरनाथ मंदिर में भी अलसुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ जुटने लगी। हजारों श्रद्धालुओं ने उपज्योतिर्लिंग रामेश्वरनाथ का रुद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर बम-बम भोले, हर-हर महादेव और ओम नम: शिवाय के जयकारों से गूंजता रहा। गंगामैया और टापर वाले स्वामीजी के निर्वाण स्थल पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। संकिसा के विष्णु नगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भी सुबह से लंबी कतारें लगी रहीं।