फोटो-6 ट्रेन की चपेट में आने से घायल मनोज लोहिया अस्पताल में भर्ती। संवाद
फर्रुखाबाद। बंद रेल फाटक के नीचे से निकलते समय गुरुवार दोपहर शादी में शामिल होने आया युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। गेटमैन की सूचना पर गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां से परिजन रेफर कराकर निजी अस्पताल ले गए।
शाहजहांपुर के थाना अल्हागंज के गांव साहबगंज निवासी मनोज कुमार (40) बुधवार को फतेहगढ़ थाने के गांव महरूपुर सहजू में अपनी भांजी की शादी में आया था। गुरुवार सुबह विदाई के बाद गेस्ट हाउस से सामान घर भेजा जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे छपरा से फर्रुखाबाद आ रही उत्सर्ग एक्सप्रेस के लिए नगला पजाबा से कुछ दूरी पर स्थिति रेलवे क्राॅसिंग फाटक बंद हो गया था।
इसी दाैरान मनोज बंद फाटक के नीचे से निकलकर पटरी पर पहुंच गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि गेटमैन ने आवाज देकर उसे रोकने की कोशिश की जिसे वह सुन नहीं सका। हादसे में मनोज के पैर, सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। गेटमैन पवन कुमार ने विभागीय अफसरों को सूचना दी। इसके बाद पहुंची एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से परिजन उसे रेफर कराकर अपने साथ निजी अस्पताल ले गए हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी मीना ने बताया कि मनोज बंद फाटक के नीचे से निकल रहा था। इसी दाैरान ट्रेन से टकराकर घायल हुआ है।