प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनाबाद में आरोग्य मेले का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनाबाद व फैजबाग में रविवार को लगे मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान डॉक्टरों सहित कुल सात कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनबाद के निरीक्षण के दौरान डॉ.स्मिता त्रिपाठी, डॉ. अल्का गुप्ता, एएनएम कविश्व मोहिनी, सुमन पांडेय, सीएचओ रंजीत व संजय कुमार गैरहाजिर मिले। सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मेले में 27 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 14 की कोरोना जांच की गई। कोई भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला।
अस्पताल परिसर में अवैध कब्जा देख जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया। उन्होंने परिसर में बंधे पशु खुलवाकर भूमि खाली करने की चेतावनी दी। इसके साथ ही भूमि खाली न होने पर एफआईआर करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बीडीओ व एसडीएम कायमगंज को पीएचसी की भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा मुक्त कराने के साथ चारों ओर मनरेगा से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने के निर्देश दिए।
फैजबाग पीएचसी का जर्जर भवन ध्वस्त कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने फैजबाग पीएचसी का निरीक्षण किया तो आरोग्य मित्र विपिन कुमार गैरहाजिर मिला। इस पर डीएम ने स्पष्टीकरण तलब किया है। अस्पताल में 15 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। अस्पताल में जर्जर भवन देख पूछताछ की। पीएचसी प्रभारी ने बताया कि वर्षों पुराने जर्जर भवन का उपयोग नहीं किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग से जर्जर भवन का मूल्यांकन कराकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।