जहानगंज। क्षेत्र के गांव महरूपुर बीजल स्थित सहकारी समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर पर शनिवार को एक कर्मचारी ने जबरन हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। मना करने पर उससे मारपीट की। ऑपरेटर ने सचिव व उसके दो रिश्तेदारों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
क्षेत्र के गांव सरवर आलमपुर निवासी मोहित दीक्षित महरूपुर बीजल स्थित सहकारी समिति में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं। उसने बताया कि समिति पर तैनात कर्मचारी ने सुबह उससे एक कागज पर हस्ताक्षर करने को कहा। मोहित ने कागज पढ़ने के बाद हस्ताक्षर करने की बात कही तो कर्मचारी आगबबूला हो गईं। कहा कि हस्ताक्षर क्यों नहीं करोगे। दोनों के बीच कहासुनी होने पर साथ में रहने वाले उनके हरदोई व कन्नौज निवासी रिश्तेदार गालीगलौज करने लगे। उससे मारपीट कर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। इस दौरान उसने कागज की दो लाइनें पढ़ ली और मौका मिलते ही कागज फाड़ दिया। कर्मचारी के रिश्तेदारों ने उसका गला दबाकर मारपीट की।
मोहित ने बताया कि पूर्व में समिति से डीएपी, एनपीके व पोटाश की 185 बोरी गायब हैं। इसकी जांच चल रही है। घपला छिपाने के लिए उस पर जबरन हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया गया। उसने घटना की तहरीर थाने में दी। प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। समिति के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि 185 बोरी खाद गायब होने के मामले में एडीसीओ अरुण सिंह जांच कर रहे हैं। घपला छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी को लेकर कर्मचारी व ऑपरेटर के बीच विवाद हुआ।