फर्रुखाबाद। जहानगंज क्षेत्र के गांव नगला चाहर निवासी बोरिंग मिस्त्री की प्रेम प्रसंग में गला दबाकर की गई हत्या के मामले में पुलिस घटना के चौथे दिन भी दूसरे आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने उसकी ससुराल में दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।
गांव नगला चाहर निवासी बोरिंग मिस्त्री दीपक वर्मा (22) की प्रेम प्रसंग के चलते 11 नवंबर की रात गांव सरवर आलमपुर में युवती के साथ पकड़े जाने पर गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव शौचालय के पास फेंक दिया गया था। इससे पहले युवती की भी गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया, लेकिन वह बच गई। उसका मिर्जापुर स्थित अस्पताल में अभी इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में भाई जबर सिंह ने युवती के पिता सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने युवती के आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। युवती के पिता ने अपने भतीजे के साथ मिलकर बोरिंग मिस्त्री की हत्या करने की बात कबूली थी। फिलहाल अभी तक दूसरे आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जहानगंज थानाध्यक्ष बृजमोहन पाल ने बताया कि आरोपी की ससुराल में भी दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिल सका। युवती का अभी मिर्जापुर में उपचार चल रहा है। युवती के स्वस्थ होने पर बयान दर्ज किए जाएंगे। भागे हुए दूसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।