गोद लिए गांव परतापुर कलां का निरीक्षण करने पहुंचे उप जिलाधिकारी को सफाई
व्यवस्था खराब मिली। जब उन्हें पता चला कि दो-दो सफाई कर्मचारियों की
तैनाती है लेकिन आता एक भी नहीं है। इस पर उन्होंने प्रधान को कड़ी फटकार
लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दे डाली। उन्होंने सफाई कर्मियों के खिलाफ
कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बगैर स्प्रिट के इंजेक्शन लगाने पर उन्होंने
एएनएम को लताड़ लगाई।
उप जिलाधिकारी प्रेमनाथ ने बुधवार को गोद लिए
गांव परतापुर कला का औचक निरीक्षण किया। गांव में हर जगह गंदगी फैली देख
उन्होंने सफाई व्यवस्था के बारे में पूछा तो बताया गया कि गांव में दो सफाई
कर्मचारी जयपाल और रावेंद्र कुमार की तैनाती है। ग्रामीणों ने एसडीएम से
शिकायत की कि सफाई कर्मचारी रावेंद्र कुमार सफाई करने आते ही नहीं हैं।
जयपाल ने ठेके
पर सफाई कर्मचारी रखा हुआ है। यह कभी-कभार आता है। यह सुनकर
उप जिलाधिकारी ने प्रधान पप्पू को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि वह दोनों
कर्मचारियों में से किसी की हाजिरी प्रमाणित नहीं करेंगे। अगर ऐसा मिला तो
उनके खिलाफ ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोनों सफाई कर्मचारियों के
खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र लिखा।
प्राइमरी
पाठशाला परतापुर कला में एएनएम कविता दुबे बच्चों को बगैर स्प्रिट लगाए
टीके लगा रही थीं। यह देख एसडीएम ने उन्हें फटकार लगाई और कहा कि स्प्रिट
लगाकर टीकाकरण करें। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों का वचन भी कराया।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री रुचि देवी से कुपोषित बच्चों के बारे में
पूछा तो उन्होंने बताया कि एक बच्चा कुपोषित मिला है।