शमसाबाद। स्कूल बस चालक ने लापरवाही से बाइक सवार किशोर के टक्कर मार दी। विरोध करने पर चालक ने बस बीच सड़क पर खड़ी कर दी। इससे मौके पर जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर घायल किशोर का सीएचसी में उपचार कराया। बस को हटवाकर वाहनों का आवागमन चालू कराया गया।
कस्बे के मोहल्ला कोटला निवासी अख्तर खां शुक्रवार को 14 वर्ष के नाती शैज को बाइक पर बैठाकर बाजार जा रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कूली बस के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे शैज घायल हो गया। अख्तर खां ने बस को रोक कर चालक को सही से वाहन चलाने की हिदायत दी। चालक ने बस बीच सड़क पर खड़ी कर हंगामा कर दिया। चालक अख्तर खां को भला बुरा कहने लगा। उधर बस बीच में खड़ी होने से जाम लग गया।
दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगने पर व्यापारी सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। शैज को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर अलीम अंसारी ने शैज का उपचार किया। व्यापारियों ने बस को बीच सड़क से हटवाकर वाहनों का आवागमन शुरू करवाया। एसओ बलराज सिंह भाटी ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।