सातनपुर मंडी की दो आढ़ताें में बुधवार की रात चोरी की वारदात हुई। इससे कारोबारियाें में नाराजगी है। इससे पहले तीन आढ़ताें में चोरी हो चुकी है। चोरी के पीछे पुलिस और सातनपुर मंडी प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई है। सूचना मिलने के बाद भी पुलिस ने मौके पर जाना मुनासिब नहीं समझा। मौके पर बेल्चा बरामद हुआ है। इसका उपयोग चोरों ने आढ़ताें के शटराें के ताले तोड़ने में किया।
शहर कोतवाली के गांव देवरामपुर निवासी गोदाम सिंह यादव की सातनपुर मंडी में गल्ला की आढ़त है। बुधवार की रात चोरों ने इनकी आढ़त का ताला दिया। चोर यहां से 14 बोरा मूंगफली, दो बोरे गेहूं, धान के बोरों को चोरी कर ले गए। इसके साथ ही मोहल्ला इस्माइलगंज सानी निवासी लाला विनोद की आढ़त का ताला भी चोरों ने तोड़ दिया। चोर यहां से तिल के बोरों को उठा ले गए। यहां से 500 रुपये भी चोरों ने पार कर दिए।
गुरुवार की सुबह मंडी पहुंचने पर आढ़तियों को चोरी की जानकारी हुई। मंडी में चोरी की सूचना पर यहां कारोबारी जुटने लगे। व्यापारियों ने इसकी सूचना चौकी पुलिस को दी । पुलिस ने मौके पर जाना तक मुनासिब नहीं समझा। इसको लेकर व्यापारियों में आक्रोश है।
व्यापारियों ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी मंडी में चोरी की वारदात हो चुकी है। तब चोरों ने तीन आढ़तों से नगदी व सामान पार कर किया था। पुलिस अभी तक उन चोरियों का खुलासा नहीं कर पाई है।
कारोबारियाें का कहना है कि मंडी में गश्त करने वाले गार्ड सचिव के यहां रह कर काम करते हैं। सचिव ने गार्ड की ड्यूटी लगाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी सुरक्षा के नाम पर खानापूरी की जा रही है।
व्यापारियों ने कहा कि पुलिस और मंडी सचिव की लापरवाही के कारण चोरों ने एक बार फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। आलू आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश वर्मा ने चोरियों के खुलासे की मांग की है।