फर्रुखाबाद। चोरी के जेवर खरीदने के शक में बरेली पुलिस ने एक सर्राफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कुछ देर के लिए कोतवाली पहुंची। उसके बाद बरेली रवाना हो गई। पुलिस के साथ माल बेचने वाला आरोपी भी आया था।
बरेली के इज्जतनगर थाने के दरोगा ब्रजपाल, शंकर चौहान के साथ दोपहर बाद कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने रेलवे रोड और चौक स्थित दो सराफा कारोबारियों के यहां छापा मारा। पुलिस अपने साथ कार में एक आरोपी को लेकर आई थी। उसकी निशानदेही पर एक सर्राफ को हिरासत में ले लिया। दुकान से उसे उठाने के बाद कोतवाली में बातचीत करने के लिए कहा गया।
सराफा कारोबारियों को जब तक भनक लगी, तब तक वह बरेली लेकर चले गए। बताया जाता है कि पुलिस के साथ आए चोर ने जेवरातों को इनके यहां बेचने की बात कही। इसी के चलते छापा मारा गया। कोतवाल अनिल कुमार चौबे ने बताया कि बरेली पुलिस आने की सूचना मिली है। वह किसे ले गई इसकी जानकारी नहीं है।