कमालगंज। बारिश के चलते रजीपुर से श्रृंगीरामपुर होते हुए कन्नौज जाने वाला संयोगिता मार्ग आठ जगह से कट गया है। कुछ स्थानों पर पूरी चौड़ाई में ही सड़क पानी में बह गई और गड्ढा हो गया। इससे चार पहिया वाहनों का निकलना बंद हो गया। तीर्थयात्री भी इस रास्ते श्रृंगीरामपुर नहीं आ पा रहे हैं।
रजीपुर से श्रृंगीरामपुर, खंता नगला, मधवापुर, चियासर, गुरगुजपुर, लालपुर होते हुए कन्नौज तक रास्ता है। यह मार्ग उधरनपुर पुल से मोहम्मदाबाद, संकिसा से जुड़ा है। इसके कारण काफी आवागमन होता है। लगातार बारिश के चलते करीब आठ स्थानों पर सड़क कट गई है। श्रृंगीऋषि मंदिर मोड़ के पास सड़क कटी है। कुंडपुरा के आगे दो किलोमीटर की दूरी तक कई स्थानों पर सड़क का हिस्सा धंस गया है। पूर्व वाइस चेयरमैन डॉ देवदत्त राजपूत ने बताया कि जिन स्थान पर पूरी चौड़ाई में सड़क कटी है, वहां से सड़क किनारे कच्ची पटरी से लोग कार आदि निकालने का प्रयास कर रहे हैं। जिससे खतरा बना हुआ है। खंतानगला के ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क कई वर्षों पहले बनाई गई थी। बीच में इसकी एक बार भी मरम्मत नहीं कराई गई। श्रृंगीरामपुर के प्रधान पिंटू यादव ने तत्काल सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।