फर्रुखाबाद। नगर पालिका वाहन स्टैंड के सामने करीब 20 दबंगों ने सफाई नायक के साथ मारपीट कर दी। तहरीर पर सुनवाई न होने पर सफाई कर्मियों ने झाड़ू, पंजा लेकर थाने का घिराव कर लिया। नारेबाजी करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया। पांच नामजद समेत 20 पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। सफाई कर्मियों ने गिरफ्तारी न होने पर शनिवार को बाजार व काम बंद करने की चेतावनी दी।
मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला दीवान मुबारिक दक्षिण निवासी नगर पालिका के सफाई नायक मोहम्मद रफीक गुरुवार रात शहर में फागिंग करने के बाद टाउन हाल वाहन स्टैंड में वाहन जमा करने गए थे। गेट के सामने रखे कैप्सूल कांपेक्टर के पास 15-20 लोग खड़े थे। उनकी बाइकों से निकलने में दिक्कत हुई। बाइकें हटाने को कहा, तो वह गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर लोगों को आता आरोपी भाग गए।
पीड़ित ने रात में ही विभागीय अफसरों के साथ थाना पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार सुबह सफाई नायक कुछ साथियों संग थाने में तहरीर देने पहुंचे, मगर पुलिस ने तबज्जो नहीं दी। सूचना मिलते ही सफाई कर्मचारी नेता हरिओम वाल्मीकि के साथ बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी पहुंच गए। उन्होंने थाने पर जमकर प्रदर्शन किया। इस पर पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत किया।
सफाई नायक मोहम्मद रफीक की तहरीर पर रकाबगंज निवासी कुशल, दीपक, राजा, सूरज, किशन और 15 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। पीड़ित सफाई नायक ने कहा कि सफाई कर्मचारी संगठन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 24 घंटे का समय दिया है। शनिवार सुबह तक गिरफ्तारी नहीं होती, तो सफाई का काम और बाजार बंद किया जाएगा। बाजार बंदी में व्यापार मंडल भी साथ देंगे। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि शीघ्र ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।