संजय की मौत के बाद जानकारी करते कोतवाल। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। सेवानिवृत्त जिला जज का भतीजा अपने घर के बरामदे में शुक्रवार शाम मृत पड़ा मिला।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला गाड़ी खाना निवासी सेवानिवृत्त जिला जज दिवाकर चतुर्वेदी का भतीजा संजय चतुर्वेदी कोर्ट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। वह दो माह से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। एक माह पहले उसका पैर भी टूट गया था। उसकी पत्नी सोनी आठ वर्ष की पुत्री मानवी के साथ दूसरे मकान में रह रही है। संजय की संदिग्ध हालात में शुक्रवार को मौत हो गई।
छोटे भाई की पत्नी ऊषा ने जब संजय को मृत पड़ा देखा तो इसकी सूचना जेठानी सोनी को दी। सोनी मौके पर पहुंची और पुलिस को जानकारी देकर पोस्टमार्टम कराने के लिए तहरीर दी। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने मौके पर जाकर छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। उन्होंने बताया कि संजय की पत्नी सोनी दूसरे मकान में रहती थीं। एक माह पहले संजय का पैर टूट गया था। तबसे वह बरामदे में ही दिन भर लेटा रहता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि उसकी मौत कैसे हुई है। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं हैं।