सीएचसी में नमूने लेने का काम शुरू
कायमगंज। स्थानीय सीएचसी में मंगलवार से कोरोना जांच को नमूने लिए जाने लगे हैं। पहले दिन ही घोर लापरवाही व अव्यवस्थाएं दिखाई पड़ी। क्वारंटीन सेंटर से कोरोना संदिग्धों को टेंपो से भूखा-प्यासा लाया गया और नमूना लेकरट्रैक्टर से भेजा गया। पहले दिन 22 नमूने लिए गए।
सीएचसी कायमगंज में कोरोना जांच को नमूना कलेक्शन बूथ लगाया गया है। मंगलवार को पहले दिन कंपिल के केएसआर क्वारंटीन सेंटर से 14 व पीएन फाउंडेशन सेंटर से 8 लोगों को लाया गया। कंपिल से एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हुई तो संदिग्धों को टेंपो से भेज दिया गया। नमूना लेने में देरी हुई। कंपिल से आए लोगों ने कहा उन्हें अभी तक खाना नहीं मिला है।
काफी देर वे धूप में खड़े रहे। करीब दो घंटे बाद रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ। बूथ तक जाने के लिए एक ही रास्ता है और इसी रास्ते से गर्भवती महिलाएं निकलती हैं। नमूना लेने के लिए एलटी शिवम व राजपाल को लगाया गया। पहले दिन 22 नमूने लिए गए। कंपिल सेंटर से आए 14 लोगों को ट्रैक्टर से भेज दिया गया।
डॉ. शोभित, डॉ. संदीप, गौरव मिश्रा आदि मौजूद रहे। चिकित्साधीक्षक डॉ. अनुराग वर्मा ने बताया पहले दिन अव्यवस्था हो गई। व्यवस्था ठीक रखने के लिए बीसीपीएम विनय मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है।
नाई को लेने गई टीम का परिजनों से हुआ विवाद
अमृतपुर। शाहजहांपुर जिले की सीमा से सटा हुआ अमृतपुर थाना क्षेत्र का गांव कुम्हरौर है। यहां का युवक नाई है। वह कुम्हरौरा गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर शाहजहांपुर जिले के वानगांव में एक युवक की दाढ़ी व बाल काटने गया था। संबंधित युवक कोरोना पॉजिटिव निकला। इसकी जानकारी कुम्हरौर गांव के लोगों को हुई।
उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव विवेक तिवारी को जानकारी दी। तहसीलदार के निर्देश पर डा. प्रमित राजपूत ने बाल काटने वाले को लेने के लिए एंबुलेंस गांव भेजी। एंबुलेंस कर्मचारी ने उसे घर से बाहर बुलाया तो परिजन निकल आए और उसे ले जाने का विरोध करने लगे।
पुलिस के पहुंचने पर एंबुलेंस से नाई को क्वारंटीन सेंटर मेजर एसडी कालेज भेजा गया। डा. प्रमित राजपूत ने बताया कि नाई का नमूना जांच को भेजा जाएगा। उसके परिवार के लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।