फर्रुखाबाद। सीएमओ ने गुरुवार को राजेपुर सीएचसी का निरीक्षण किया। आयुष्मान कार्ड के लिए लगे शिविरों की मॉनीटरिंग में लापरवाही मिलने पर उन्होंने बीसीपीएम व बीपीएम का वेतन रोक दिया।
आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए राजेपुर क्षेत्र के 10 गांवों में कैंप लगाए गए। अधिक से अधिक कार्ड बनवाने के लिए प्रधानों का सहयोग लेने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार राजेपुर सीएचसी का गुरुवार दोपहर को निरीक्षण करने पहुंचे तो उन्होंने बीसीपीएम विजय पाल व बीपीएम रोहित से शिविरों के संबंध में जानकारी ली।
कहा कि जिन गांवों में शिविर लगे हैं, उनके प्रधानों से बात कराएं। इस पर दोनों कर्मचारी एक-दूसरे का मुंह देखने लगे।
सीएमओ के पूछने पर वह प्रधानों के मोबाइल नंबर तक नहीं बता सके। जबकि सूची में ही प्रधानों के मोबाइल नंबर भी लिखे थे।
शिविरों की मॉनीटरिंग में शिथिलता व लापरवाही पर उन्होंने दोनों का सितंबर का वेतन रोक दिया। इसके बाद सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
एमओआईसी डॉ. प्रमित राजपूत को और सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।