फर्रुखाबाद। शनिवार को कोरोना कर्फ्यू के दौरान शहर को छह मशीनों से सैनिटाइज किया गया। कर्मियों ने सफाई अभियान भी चलाया। डीएम और एसपी ने फतेहगढ़ से बीबीगंज तक अभियान का जायजा लिया। दमकल और पालिका कर्मचारी शाम तक मुस्तैद रहे।
सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने सुबह सवा नौ बजे लालगेट पर दमकल की दो और नगर पालिका की चार गाड़ियों को सैनिटाइजेशन के लिए हरी झंडी देखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान काफी सघन चलेगा। हर सप्ताह शनिवार और रविवार को टीमें बनाकर सैनिटाइजेशन होगा। इसके लिए सात टीमें बनाईं गई हैं। हर टीम के मॉनीटरिंग के लिए अधिकारी तैनात किए गए हैं। ईओ ने बताया कि टीमों के अधिकारी सभी स्थानों के फोटो ग्रुप पर अपलोड करेंगे।
टीमों ने लाल गेट से ठंडी सड़क होकर रेलवे स्टेशन, कादरी गेट, साहबगंज चौराहा, नाला मछरट्टा, चौक, रेलवे रोड, लोहाई रोड, घुमना तहसील तिराहा, बीबीगंज, तिकोना से बजरिया, पक्का पुल से गुदड़ी होते हुए नाला मछरट्टा, अंगूरी बाग, गंज दरवाजा, फतेहगढ़, भोलेपुर आदि क्षेत्रों को मशीनों से सैनिटाइज किया गया। सफाई कर्मियों ने नालियां साफ कीं। यह अभियान रविवार को भी चलेगा।
डीएम मानवेंद्र सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा ने फतेहगढ़, भोलेपुर, रोडवेज, लालगेट चौक होते हुए बीबीगंज तक चले सैनिटाइजेशन का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से घरों में रहने की अपील की।
वीक एंड कोरोना कर्फ्यू के दिन मंदिरों के भी कपाट बंद रहे। बढ़पुर स्थित माता के मंदिर के कपाट बंद रहे। तमाम महिलाएं गेट पर ही बैठकर माता का पूजन करती दिखीं।