कंपिल (फर्रुखाबाद)। लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए शादी की रस्में पूरी कराईं गईं। पांच लोगों की बरात दुल्हन को विदा कराकर ले आई।
कसबा के मोहल्ला माझगांव निवासी दिनेश गुप्ता कपड़ा व्यापारी हैं। उन्होंने अपनी बेटी शोभा गुप्ता (23) की शादी जनपद कासगंज के कस्बा सहावर निवासी विनोद गुप्ता के पुत्र रचित गुप्ता से जनवरी में तय की थी। लॉकडाउन के चलते शादी की तारीख दो बार बढ़ी। लॉकडाउन फिर बढ़ने से मंगलवार सुबह 6 बजे दूल्हा रचित अपने छोटे भाई अंकित, बहन दिव्या, बहनोई व कार चालक के साथ दरवाजे पर पहुंचा। सभी को गोले बनाकर बैठाया गया। पं. बबलू शास्त्री ने रस्में पूरी कराईं। दूल्हा रचित व दुल्हन शोभा ने प्रधानमंत्री केयर फंड में 11 हजार का चेक नगर पंचायत चेयरमैन उदयपाल सिंह यादव को सौंपा। दोपहर 12 बजे तक बरात विदा कर दी गई। दिनेश गुप्ता ने बताया कि बेटी का सामान लॉकडाउन खुलने के बाद उसकी ससुराल भेज दिया जाएगा।