रूबी को पीटने वालों की तलाश के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। विवेचक विभिन्न ग्रुपों में 30 जनवरी को हुई घटना के फोटो व वीडियो खंगाल रहे हैं। हालांकि अभी गांव वालों के बयान तक दर्ज नहीं किए गए हैं।
घटना स्थल का नक्शा नजरी तैयार कर विवेचक अभी जांच कर रहे हैं। घटना के दिन आस पास के 50 गांवों व शहर से लोग पहुंचे थे। ऐसे में रूबी पर हमला करने वालों की तलाश के लिए पुलिस को माथापच्ची करनी पड़ रही है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव करथिया निवासी सुभाष व उसकी पत्नी रूबी ने 25 बच्चों को बंधक बना लिया था। पुलिस कार्रवाई में शातिर सुभाष मारा गया। वहीं पत्नी रूबी की मौत लोगों की पिटाई से हुई। कोतवाली के दरोगा संजय ने 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
विवेचक कोतवाल राकेश कुमार ने गांव जाकर अब तक किसी के बयान दर्ज नहीं किए। उन्होंने अभी केवल घटनास्थल का नक्शा नजरी तैयार किया है। पुलिस सोशल मीडिया के सहारे रूबी को पीटने वालों की तलाश कर रही है। घटना के दिन लोगों ने सोशल मीडिया पर करथिया गांव के हर पल के फोटो व वीडियो वायरल किए थे।
पुलिस उनसे लोगों को पहचानने की कोशिश में है। पुलिस का बड़ा सिरदर्द ये है कि घटना के दिन आस पास के 50 गांवों व शहर के लोग आए थे। ऐसे में पिटाई करने वालों की पहचान करना बेहद मुश्किल है। विवेचक ने बताया कि अभी प्राथमिक स्तर की जांच हुई है। किसी ग्रामीण के बयान दर्ज नहीं किए हैं। सभी तथ्यों पर जांच करना जरूरी है।