फर्रुखाबाद। म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ से सेवानिवृत्त हुए शिक्षक सत्य प्रकाश पांडेय से करीब 57 लाख रुपये की रिकवरी की जाएगी। शिक्षक ने वर्ष 2016 से मार्च 2022 तक गलत तरीके से वेतन प्राप्त किया था। प्रबंधक ने रिकवरी करने का आदेश जारी कर दिया है।
शहर के मोहल्ला मित्तूकूंचा निवासी सत्य प्रकाश पांडेय 31 मार्च 2022 में म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त हुए थे। पेंशन व फंड भुगतान संबंधी पत्रावली जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजी गई। इसमें कोर्ट के आदेश पर वेतन लेने का जिक्र होने पर उच्च न्यायालय के आदेश की जांच कराई गई। तब पता चला कि स्पेशल अपील में सत्यप्रकाश उच्च न्यायालय से हार गए थे।
उच्च न्यायालय ने वर्ष 2016 में उनकी सेवा समाप्त करने का आदेश प्रबंधक व डीआईओएस को दिया था। यह आदेश विभाग में छिपा दिया गया और शिक्षक वर्ष 2016 से लगातार वेतन लेते रहे। प्रधानाचार्य गिरिजाशंकर ने बताया रिकवरी का आंकलन हो गया है। प्रबंधक ने रिकवरी नोटिस जारी करने का आदेश जारी कर दिया है।