फर्रुखाबाद। बरेली में तैनात सिपाही की बाइक की डिग्गी से टप्पेबाजों ने 1.40 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक व मुख्य बाजार की दुकानों में सीसीटीवी कैमरे खंगाले। लेकिन वहां कोई भी सिपाही की बाइक के आसपास नजर नहीं आया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की तिर्वा कालोनी निवासी सिपाही संजीव कुमार जनपद बरेली पुलिस लाइन में तैनात है। सिपाही अवकाश पर घर आया हुआ है। उसका स्टेट बैंक फतेहगढ़ में खाता है। गुरुवार को सिपाही संजीव ने बैंक जाकर अपने खाते से 1.40 लाख रुपये निकाले। रुपये बैग में रखने के बाद बाइक की डिग्गी में रख लिए। घर पहुंचने पर डिग्गी खोली तो रुपये से भरा बैग गायब था। सिपाही घर से कोतवाली पहुंचा और अज्ञात लोगों पर टप्पेबाजी का आरोप लगाया।
कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने फोर्स को बैंक भेजा। पुलिस कर्मियों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे। उसमें सिपाही के रुपये रखने के बाद डिग्गी के पास कोई आते हुए नहीं दिखा। पुलिस ने मुख्य बाजार की दुकानों के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि सिपाही की डिग्गी से बैंक व बाजार में कहीं रुपये निकलने की बात सामने नहीं आई है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।