साहूकार की दुकान में लूट का प्रयास
फर्रुखाबाद। शहर के बीचोंबीच मकान में स्थित दुकान में साहूकार की पत्नी व नौकर की आंखों में मिर्च स्प्रे डालकर तीन बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। साहूकार ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। नौकर ने छत पर चढ़कर शोर मचा दिया। इस पर बदमाश भाग गए। कोतवाल ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
मोहल्ला रस्तोगी निवासी राहुल रस्तोगी घर में स्थित दुकान में जेवर गिरवी रखने का काम करते हैं। बुधवार दोपहर करीब दो बजे बाइक से तीन लोग आए। वह मास्क लगाए थे। उस समय राहुल कमरे में थे और पत्नी रोजी खाना बना रही थीं। 16 साल से काम कर रहे ब्रजेश तिवारी दुकान पर बैठा था।
तीनों बदमाशों के मांगने पर ब्रजेश पानी लेकर जैसे ही दुकान की ओर आया कि एक बदमाश ने मिर्च स्प्रे मुंह पर डाली और दूसरे ने तमंचा सटा दिया। रोजी रस्तोगी रसोई से भागीं, तो उनकी आंख में भी मिर्च स्प्रे डाल दिया।
वे भागकर कमरे में घुस गईं और कुंडी लगा ली। दूसरा कमरा राहुल ने अंदर से बंद कर लिया। मौका पाते ही ब्रजेश छत पर चढ़ गया और शोर मचा दिया। इस पर तीनों बदमाश बाइक से भाग गए।
इसके बाद राहुल और उनकी पत्नी बाहर निकले। सूचना मिलते ही पल्ला चौकी प्रभारी राजेश चौबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना को काफी हल्के में लिया। कुछ ही देर में कई बड़े सराफ भी मौके पर पहुंचे। कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय मौके पर पहुंच गए। उन्होंने राहुल, रोजी और ब्रजेश से पूछताछ की।
इसके बाद गली और मुख्यमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया। राहुल ने बताया कि तीनों मास्क लगाए थे। कमरा बंद न करते तो बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। मामला संदिग्ध लग रहा है।