सपा की साइकिल रैली में शामिल होने के लिए जाते समय सड़क पार कर रहा किशोर
रोडवेज बस की चपेट में आ गया। उसेे लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां से
कानपुर रिफर कर दिया गया। रास्ते में किशोर की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए
परिवार के लोगों ने बरेली-इटावा हाइवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना
मिलने पर पुलिस पहुंची । सपा नेताओं ने आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
मोहल्ला
दीनदयाल बाग निवासी जितेंद्र कुमार (15) पुत्र कल्लू थाली में रखकर नारियल
बेचने का काम करता था। बुधवार की सुबह वह साइकिल से सपा की रैली में जा
रहा था। वह मसेनी चौराहा पर सड़क पार करने लगा। तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस
की चपेट में आ गया। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर
जितेंद्र के परिवार के लोग भी मौके पर
पहुंच गए। जितेंद्र को लोहिया
अस्पताल लाया गया। यहां से डाक्टर ने उसे कानपुर रिफर कर दिया। परिवार के
लोग उसे कानपुर ले जाने लगे। रास्ते में जितेंद्र ने दम तोड़ दिया। परिवार
के लोग शव को घर ले आए। इसके बाद परिजनों ने शव को मसेनी चौराहा पर रखकर
जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर शहर कोतवाल आरपी यादव, फतेहगढ़ कोतवाल अजीत
सिंह
फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन
परिवार के लोग नहीं माने। यह मुआवजा की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों का कहना
था कि मृतक के परिवार की माली हालत खराब है। पुलिस ने अफसरों से वार्ता
करने के बाद मुआवजा दिलाए जाने की बात कही। इस बीच सपा नेता डा. जितेंद्र
सिंह यादव, प्रदीप यादव, मोहन अग्रवाल समेत कई सपाई
मौके पर आ गए।
इन्होंने परिवार के लोगों को मदद करवाने का दिलासा दिया। इसके बाद जाम
खुला। पुलिस ने पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जाम करीब एक
घंटा तक लगा रहा। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग
गईं। बसों में फंसे लोग बिलबिलाते रहे।