फर्रुखाबाद। पुलिस ने वृद्ध की हत्या में वांछित 15 हजार के इनामी को जेल भेज दिया। पुलिस ने पकड़े गए युवक की निशानदेही पर वृद्ध की रुद्राक्ष की माला व आरोपी की खून से सनी शर्ट बरामद कर ली है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव अदिउली निवासी वृद्ध ठाकुर चंद्रपाल की 14 अक्तूबर की रात दावत खाकर वापस आते समय ईंट से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। चंद्रपाल का शव 15 अक्तूबर की सुबह बंबा में पड़ा मिला था। पुत्र विजय प्रताप ने गांव बाबरपुर निवासी महताब खां व उनके पिता चुन्ने पर हत्या के शक में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने महताब व गांव बरौन के मजरा चमन नगरिया निवासी गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हत्या में गांव अदिउली निवासी सुभाष नट भी शामिल था। पुलिस ने उसकी तलाश में कई बार दबिश मारी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। एसपी ने हत्यारोपी सुभाष पर 15 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। एसओजी प्रभारी अमित गंगवार व एसओ मऊदरवाजा आमोद सिंह ने आरोपी सुभाष नट को पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वृद्ध चंद्रपाल की रुद्राक्ष की माला व आरोपी की खून से सनी हुई शर्ट बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।