फर्रुखाबाद। तांबे व पीतल के बर्तन चमकाने के बहाने घर में घुसकर तमंचा दिखाकर जेवरात लूटने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला सरदार खां निवासी मनोज कुमार गंगवार के घर 30 अगस्त 2022 को एक व्यक्ति ने दरवाजे पर घर में अकेली मां व पुत्री से तांबे व पीतल के बर्तन साफ कराने की बात कही थी। पूजा का लोटा चमकाया और तीन अन्य साथियों को बुला लिया। घर में घुसकर तमंचा दिखाकर सोने की चूड़ियां उतरवा लीं और चेन लूटकर भाग गए।
मुकदमे की जांच में बिहार प्रांत के जिला कटिहार थाना बरारी के गांव लक्ष्मीपुर निवासी संजय शाह, गौतम शाह, बिजेंद्र शाह, दिलीप कुमार शाह के नाम सामने आए। पुलिस ने संजय, गौतम और दिलीप को पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
विजेंद्र शाह फरार था। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 30 अगस्त को एक टीम बिहार गई। वहां की पुलिस के सहयोग से विजेंद्र को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को उसे कोर्ट में में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित गंगवार व दरोगा मोहम्मद हुसैन आदि का सहयोग रहा।
सीओ सिटी का एलआईयू गाजियाबाद तबादला
फर्रुखाबाद। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह का शासन ने तबादला जनपद गाजियाबाद एलआईयू के लिए कर दिया है। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह जनपद में तीन वर्ष से तैनात थे। जिला जेल में हंगामा कर रहे बंदियों को नियंत्रण करने में उन्होेंने अहम भूमिका निभाई थी। इस दौरान एक बंदी की गोली लगने से मौत हो गई थी। (संवाद)