रिटायर्ड जेल कर्मी का बेटा कछुओं की तस्करी में गिरफ्तार
फर्रुखाबाद। वन्य जीव अपराध नियंत्रण दिल्ली के कर्मचारी ने जेल के रिटायर्ड कर्मचारी के बेटे को कछुआ तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सात कछुए बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सेंट्रल जेल निवासी सौरभ तिवारी का मोहल्ला गाड़ीखाना में एक्यूरियम है। उसके पिता श्रीराम तिवारी सेंट्रल जेल से रिटायर्ड ड्राइवर हैं। वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो दिल्ली के कर्मचारी जितेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि सौरभ कन्नौज में कछुओं की तस्करी कर रहा है।
जितेंद्र ने कन्नौज के एक युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि कछुए सौरभ के यहां से लाता है। रविवार को जितेंद्र ग्राहक बनकर सौरभ की दुकान पर पहुंचे और एक कछुआ पांच सौ रुपये में देने की बात तय कर ली।
शाम को जितेंद्र ने वन विभाग के स्थानीय अधिकारियों के साथ दुकान में दबिश देकर सात कछुओं समेत सौरभ का पकड़ लिया। उसे फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। जितेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने सौरभ के खिलाफ कछुआ तस्करी करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।