फर्रुखाबाद। एक युवक की शादी कराने के तीन साल बाद पारिवारिक विवाद होने से गुस्साए लोगों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। बचाने आए महिला-पुरुषों को भी पीटा। दबंगों ने घर में जमकर तोड़फो़ड़ की। थाना पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा तो एसपी के दरबार में गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने चार नामजद व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला आमीन खां निवासी जितेंद्र कुमार सक्सेना ने मोहल्ले के ही देवेश यादव, योगेश यादव, विपनेश व पिता जाहर सिंह यादव और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। कहा कि उन्होंने तीन साल पहले देवेश की शादी कराई थी। कुछ दिन बाद ही आपसी विवाद के बाद मुकदमाबाजी हो गई। इससे खफा होकर 17 नवंबर की शाम आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पत्नी की सूचना पर वह घर पहुंचे तो हमला बोलकर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे भतीजे हर्षित व उनकी पत्नी को भी लहूलुहान कर दिया। मकान में खिड़कियां, शीशे, दरवाजे व बाइक तोड़ दी। पुलिस को आता देख आरोपी भाग गए। घायलों का एक्सरे, सीटी स्कैन कन्नौज में कराया गया। पुलिस के पास होने पर भी मुकदमा दर्ज नहीं किया। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।