फर्रुखाबाद। पिज्जा हाउस की आड़ में देह व्यापार कराने वाले सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर व उनके पुत्र को पुलिस गिरफ्तार जेल भेज दिया। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सहित चार के खिलाफ देह व्यापार कराने का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस भाजपा नेता व उनके पुत्र की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने मोहल्ला न्यू नवदिया निवासी शिकागो पिज्जा हाउस संचालक प्रदीप कुमार अग्निहोत्री, सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर पिता प्रमोद कुमार अग्निहोत्री, सलेमपुर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संजीव अग्निहोत्री व उनके पुत्र आयुष अग्निहोत्री के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि शनिवार को सूचना मिली थी कि शिकागो पिज्जा हाउस में लड़के-लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार के लिए उकसाया किया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र के साथ पिज्जा हाउस में दबिश दी। ऊपर बने कमरों के दरवाजे खुलवाने पर नौ युवती व दस युवक मिले। कमरों में तलाशी लेने पर गद्दों के नीचे से आपत्तिजनक वस्तुओं के आठ पैकेट मिले। इसमें पांच पैकेट खुले हुए पाए गए।
पूछताछ करने पर युवक व युवतियों ने बताया कि वह लोग यहां पिज्जा खाने के लिए आते थे। पिज्जा हाउस संचालक प्रदीप अग्निहोत्री सहित ये लोग देह व्यापार करने के लिए कमरा, गद्दा व अन्य सामान उपलब्ध कराते थे। इसके एवज में एक घंटे के 500 से एक हजार रुपये लेते थे। पुलिस ने संचालक प्रदीप व उसके सेवानिवृत्त पिता प्रमोद कुमार अग्निहोत्री को पकड़ लिया।
पूछताछ में पिता-पुत्र ने बताया कि वह रुपयों को लेकर देह व्यापार के लिए प्रेरित कर कमरा व अन्य सामान उपलब्ध कराते थे। भागे हुए लोगों के बारे में पूछने पर प्रदीप ने बताया कि मोहल्ले के निवासी सलेमपुर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संजीव अग्निहोत्री व उनका पुत्र आयुष अग्निहोत्री धंधे में उनके पार्टनर है।
पिता-पुत्र धंधे में आया रुपया लेकर पुलिस को देखकर भाग गए है। रविवार को पुलिस ने सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर प्रमोद व पुत्र प्रदीप को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मुकदमे की जांच अमृतपुर सीओ रवींद्र नाथ राय को दी गई है। इधर, भाजपा सलेपुर मंडल अध्यक्ष सुदेश त्रिवेदी ने बताया कि संजीव अग्निहोत्री उनके मंडल में उपाध्यक्ष है। मुकदमे से संबंधित कार्रवाई पर जिला हाईकमान से बात करेंगे। इसके बाद आगे की रणनीति तय होगी।
कन्नौज सहित इन मोहल्ले के युवक युवती गए थे पकड़े
पिज्जा हाउस में रंगरलियां मनाते हुए पुलिस ने फतेहगढ़ कोतवाली के गांव मेहरूपुर, शहर कोतवाली के मोहल्ला तलैया, जनपद कन्नौज कोतवाली सदर के मोहल्ला तालग्राम, कादरीगेट थाना के गांव मसेनी चौराहा, मोहल्ला दीनदयाल बाग,आईटीआई मदारवाड़ी, कमालगंज के गांव माझगांव, गांव खुदागंज, फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला सिविल लाइन, नेकपुर कला के युवक पकड़े गए थे। फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला ग्रानगंज, गैलेक्सी गेस्ट हाउस भोलेपुर, मोहल्ला शीशमबाग, हाथीखाना, भोलेपुर, कादरी गेट थाना क्षेत्र के आवास विकास कालोनी, जनपद कन्नौज कोतवाली छिबरामऊ कस्बा, कमालगंज कस्बा के नौ युवतियां पकड़ी गई थी। पुलिस ने फर्द में सभी के नाम उजागर किए है।
इनसेट
मोहल्ले के लोगों ने बांटी मिठाई
देहव्यापार में पिता-पुत्र के पकड़े जाने पर मोहल्ले के लोगों ने मिठाई बांटी। मोहल्ले के लोगों का कहना था कि वह काफी समय से इसका विरोध कर रहे थे। प्रदीप अग्निहोत्री पिता के पुलिस से सेवानिवृत्त होने का रौब झाड़ता था। उसके एसओजी सहित सिविल लाइन चौकी व कोतवाली के सिपाहियाें से गहरे संबंध थे। इसके कारण आवाज उठाने से कतराते थे।
दो वर्ष में खरीदे कई प्लाट, करोड़ों कमाए
पिज्जा की आड़ में देह व्यापार का धंधा करने वाले प्रदीप ने दो वर्ष में करोड़ों रुपये कमाए। उसने कई प्लाट खरीदे। इस गोरखधंधे में दो महिलाएं भी शामिल थी। जो कि पिज्जा हाउस में आने वाली युवतियों को डील करके देह व्यापार में होने वाले फायदे बताकर उनको गुमराह करती थी। प्रदीप ने पिज्जा हाउस के पास में एक आलीशान मकान भी बनवाया है। उसमें कई अधिकारी किराए पर रह रहे हैं। उनको भी सुविधा मुहैया कराई जाती थी।