कमालगंज। बाइक से जा रहे ग्रामीण को रोक, मारपीट कर मोबाइल व साढ़े तीन हजार रुपये लूट लेने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस रिपेयरिंग दुकानदार व युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव देवरान गढ़िया निवासी कुलदीप कुमार ने महरुपुर राबी के राजन व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। कहा कि सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे वह घर से खुदागंज बाइक से जा रहा था। भटपुरा गांव के निकट टॉवर के पास पहुंचने पर चार युवकों ने उसकी बाइक रोक ली। आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगे। जब तक वह कुछ समझ पाता आरोपियों ने उसकी जेब में रखा मोबाइल व साढ़े तीन हजार रुपये लूट लिए।
उसने आरोपी राजन को पहचान लिया, जब उसने आरोपी से कहा कि वह उसे जानता है, तो सभी वहां से गांव की ओर भाग गए। मंगलवार को इंस्पेक्टर राजीव कुमार व कस्बा इंचार्ज संजीव कुमार ने मामले की जांच तेज कर दी। पुलिस ने कस्बा से एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकानदार व महरुपुर राबी से तीन लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बुधवार को पुलिस अन्य युवकों की तलाश में लगी रही। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही मोबाइल व रुपये बरामद करने में जुटे हैं।