फर्रुखाबाद। जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अफसर ने एसडीएम के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। उसके बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। अफसर ने सरकारी आवास से कमोड, दरवाजे, वायरिंग उखाड़कर ले जाने का एसडीएम पर आरोप लगाया है।
जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के कर्नल रवींद्र सिंह ने मंगलवार को फतेहगढ़ कोतवाली में एसडीएम सदर संजय कुमार के खिलाफ चोरी की तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया कि एसडीएम ने मंगलवार को विभाग का सरकारी आवास पांच माह की मशक्कत के बाद खाली किया। वह आवास से शौचालय से कमोड, टोंटी, दरवाजे, बिजली को बोर्ड वायरिंग, पानी की लाइन, टंकी,बिजली का मीटर, सबमर्सिबल का स्टार्टर, वॉश बेसिन, इंटरलॉकिंग ईंटें उखाड़ कर ले गए हैं। सरकारी आवास में यदि उन्होंने नया सामान लगाया था, तो पुराना सामान वहां छोड़कर जाना चाहिए था। इस मामले में एसडीएम सदर संजय कुमार सिंह ने स्वीकार किया कि उन्होंने जर्जर आवास में जो सामान लगाया था उसको साथ लेकर आए है। अन्य सामान वहां छोड़कर आए हैं। उसको पाने के लिए वह भी तहरीर देगें।
बुधवार को कर्नल रवींद्र सिंह एसडीएम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा से मिले और कार्रवाई की गुहार लगाई। दोनों ही अधिकारियों ने कर्नल की बात सुनी और जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा देकर भेज दिया। कर्नल रवींद्र सिंह ने बताया कि डीएम व एसपी से मुलाकात की थी। अभी तक आवास की मरम्मत नहीं हुई है। ऐसे में गर्मी में एक कमरे में रहने को मजबूर है।