राजेपुर। बरेली-इटावा हाईवे पर रामगंगा पुल की मरम्मत का काम शुक्रवार को शुरू होने से वाहन रेंगकर निकाल रहे हैं। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। शाहजहांपुर व राजेपुर पुलिस दोनों ओर मोर्चा संभाले हुए है। पुल की एक साइड पर बैरियर लगा दिए गए हैं।
तत्कालीन सांसद राम मनोहर लोहिया के प्रयास से वर्ष 1973 में रामगंगा का पुल बनवाया गया था। पुल में 19 खंभे हैं। बरेली-इटावा हाईवे पर रामगंगा के पुल पर जनपद शाहजहांपुर के सेतु निगम के अधिकारियों ने गुरुवार से मरम्मत का काम शुरू करवा दिया। पुल पर आधी जगह पर बैरियर लगाकर एक साइड पर वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। एक साइड से वाहन निकाले जा रहे हैं। ऐसे में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग रहीं हैं।
बड़े वाहनों को रोक कर बाद में छोड़ा जाता है। शाहजहांपुर के थाना अल्लाहगंज पुलिस हुल्लापुर के पास वाहनों को रोक रही है। वहीं राजेपुर पुलिस डबरी तिराहे के बाद वाहनों को रोक कर आगे जाने देती है। ऐसे में लोगों को निकलने में देरी हो रही है। इस दौरान कई वाहन चालकों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। पुल से वाहनों को धीरे धीरे निकाला जा रहा है।
नेशनल हाईवे के अवर अभियंता अनूप कुमार ने बताया कि जनपद शाहजहांपुर के सेतुनिगम से रामगंगा पुल की मरम्मत का काम करवाया जा रहा है। इसके कारण पुल की एक साइड को ब्लाॅक कर दूसरी साइड से वाहन निकाले जा रहे हैं।