फर्रुखाबाद। ट्रांसपोर्ट आयुक्त के आदेश पर डिवीजनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर बीडी मिश्रा ने बुधवार को सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय फतेहगढ़ में अभिलेखों की जांच पड़ताल की। जनता की समस्याएं सुनीं। रिन्यूवल हुए ड्राइविंग लाइसेंस में लाइसेंस संख्या बदले जाने की शिकायत पर नाराजगी जताई।
बुधवार को लखनऊ से आए डिवीजनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर वीडी मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने पर वह फर्रुखाबाद और सहारनपुर जिला की जांच के लिए आए हैं। अभिलेखों की जांच पड़ताल कर रिपोर्ट तैयार कर ली है। यह रिपोर्ट ट्रांसपोर्ट आयुक्त को सौंपी जाएगी। बताया कि फर्रुखाबाद की राजस्व वसूली की स्थिति ठीक है।
इस जिले में नया कार्यालय बनाने के लिए जमीन के लिए अधिकारियों को कई बार लिखा गया। अभी तक जमीन न मिलने के कारण नए कार्यालय भवन के निर्माण का काम शुरू नहीं हो सका। जांच पड़ताल के बाद डिवीजनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने जनता की समस्या सुनी।
इस दौरान ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यूवल होने पर लाइसेंस नंबर बदलने की शिकायत आने पर लिपिक अनूप से नाराजगी जताई। जनवरी में एक भी स्मार्ट कार्ड जारी न होने की रिपोर्ट देख वह हैरान रह गए। इस संबंध में एआरटीओ से रिपोर्ट मांगी। बताया कि कानपुर मंडल में कर्मचारियों की कमी नहीं है। फर्रुखाबाद कार्यालय में भी और कर्मचारी आएंगे।