फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम के चयन के लिए होने वाली पंजीकरण प्रक्रिया की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह तिथि 31 जनवरी निर्धारित थी जिसे अब बढ़ाकर 10 फरवरी कर दिया गया है। यह निर्णय विभिन्न जिला क्रिकेट संघों के अनुरोध पर प्रदेश क्रिकेट समिति द्वारा लिया गया है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश स्तरीय टीम के चयन के लिए अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 एवं सीनियर वर्ग के क्रिकेट खिलाड़ी पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण की सुविधा बालक और बालिकाओं दोनों के लिए उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कर अपनी रसीद जिला क्रिकेट संघ के कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा। इसके अलावा जिन खिलाड़ियों को पंजीकरण से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो, वे सीधे जिला क्रिकेट संघ से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।