फर्रुखाबाद। सरकारी कर्मचारियों को मानव संपदा पोर्टल पर चल-अचल संपत्ति दर्ज करने के निर्देश के बावजूद जिम्मेदार बेपरवाह बने हैं। अब प्रमुख सचिव एसपी गोयल ने 31 जनवरी डेटलाइन तय कर दी है। जो कर्मचारी पोर्टल पर अपनी संपत्ति का ब्योरा नहीं भरेंगे, उन्हें जनवरी का वेतन नहीं दिया जाएगा।
सरकार की मंशा है कि सरकारी पदों पर आसीन लोगों की संपत्ति बढ़ने की हकीकत को समझा जाए। इसी मंशा से लंबे समय से मानव संपदा पोर्टल पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी चल अचल संपत्ति का ब्योरा भरने के निर्देश दिए गए थे। लंबे प्रयास के बावजूद तमाम कर्मचारी संपत्ति को दर्ज करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। इसको लेकर शासन काफी गंभीर है।
प्रमुख सचिव एसपी गोयल ने सभी विभागों को आदेश जारी कर कहा कि उप्र सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत सभी अफसरों, कर्मियों को अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण अनिवार्य रूप से मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज करना है। इसके लिए 31 जनवरी अंतिम तिथि है। कहा कि जिन कर्मियों और अफसरों ने अभी तक पोर्टल पर चल-अचल संपत्ति का ब्योरा नहीं भरा है, वह तय तिथि तक हर हाल में भर दें। जो कर्मचारी संपत्ति का ब्योरा नहीं भरेंगे, उन्हें जनवरी माह का वेतन भुगतान नहीं किया जाएगा।
इनसेट
वेतन से अधिक बढ़ी संपत्ति, कैसे भरें ब्योरा
हर सरकारी विभाग में मलाईदार पटलों पर लंबे समय तक डटे रहने वाले कर्मचारी संपत्ति दर्ज करने की स्थिति में नहीं हैं। बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी हैं, जिनकी वेतन के हिसाब से कई गुना संपत्ति बढ़ी है। यही वजह है कि वह ब्योरा भरने से कतरा रहे हैं। अब देखना यह है कि 31 जनवरी तक कितने कर्मचारी ब्योरा भरने से दूरी बनाए रखते हैं।