गंगा और रामगंगा में आई बाढ़ से तहसील क्षेत्र के कई गांवों में पानी भर
गया है। इसके चलते ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि
शुक्रवार को गंगा का जलस्तर कम होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
गंगा में आई बाढ़ से करनपुर घाट, कुड़री, जटपुरा, कैलियाई, मंझा, हरसिंहपुर
कायस्थ, ऊगरपुर, तोशराम की मढ़ैया का आवागमन बंद हो गया है।
इस कारण
ग्रामीणों के सामने खानेपीने का संकट पैदा हो गया है। सालिगराम, भइयालाल,
अवधेश कुमार, हरीराम, रामनिवास आदि ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पानी
घुसने से काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। सड़क किनारे भोजन बनाने को
मजबूर हैं। पीने का पानी काफी दूर से भरकर लाना पड़ रहा है। गांव में लगे
हैंडपंप जलमग्न हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार को
जलस्तर घटा है।
पर इसके बावजूद परेशानी कम नहीं हो रही हैं। कहा कि बाढ़ का पानी भरने से
बीमारी की भी आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने गांव में दवा वितरण की मांग की
है। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय लायकपुर में पानी भरने से शिक्षण
कार्य नहीं हो सका।