स्टेडियम में शॉट खेलता खिलाड़ी।
- फोटो : स्रोत: आयोजक
फर्रुखाबाद। रेड क्लब व लेमन क्लब के बीच एफसीएल का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शनिवार को फतेहगढ़ के स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम खेला गया। एकतरफा मैच में रेड क्लब ने लेमन क्लब को 114 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
शनिवार को फतेहगढ़ के स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में रेड क्लब के कप्तान एनान हुसैन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। 19.5 ओवरों में रेड क्लब की पूरी टीम 164 रन बनाकर आउट हो गई। अश्वनी दीक्षित ने 51, कार्तिकेय पाल ने 20, आशू यादव और हर्ष ने 15-15 रनों का योगदान किया। लेमन क्लब के गेंदबाज अभय प्रताप और श्रेयांश ने तीन-तीन और अभय यादव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य पाने उतरी लेमन क्लब की टीम रेड क्लब के गेंदबाजों के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गई। शाहजाद अली की घातक गेंदबाजी के चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सांसद मुकेश राजपूत ने दिया। वहीं बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार अंश सिंह को डॉ. मिथलेश अग्रवाल ने प्रदान किया। दिन का दूसरा मैच सीनियर वर्ग से हुआ। रॉयल यूथ क्लब ने होल्डर इलेवन को 61 रनों से हरा दिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह, एसोसिएशन के सचिव मोहनलाल अग्रवाल मौजूद रहे। मैच में अंपायरिंग रफीकुल अंसारी और धीरेंद्र कुमार ने की। स्कोरिंग सुहानी राठौर ने की।