फर्रुखाबाद। जनपद में रिक्त चल रहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 260 व सहायिका के 570 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें सहायिकाओं की प्राथमिकता से पदोन्नति होगी और मायके से ससुराल जाने वाली कार्यकर्ताओं के समायोजन का भी मौका मिलेगा।
इसके लिए एक सप्ताह में आवेदन मांगे गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नई भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का समायोजन किया जाएगा। इसमें यदि कोई कार्यकर्ता व सहायिका शादी के बाद ससुराल में रह रही है, तो वह अपनी ससुराल वाली ग्रामसभा या शहर के वार्ड में पद रिक्त होने पर समायोजन करा सकती हैं।
इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी ने डीपीओ कार्यालय में एक सप्ताह के अंदर आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। समायोजन के बाद रिक्त पदों पर चयन की कार्रवाई की जाएगी। डीपीओ ने बताया निर्धारित समय के बाद कोई भी आवेदन मान्य नहीं होगा।