फर्रुखाबाद। सातनपुर मंडी में दूसरे के कागजों पर फर्जी फर्म बनाकर आलू का व्यापार करने की शिकायत की गई। इस पर मंडी सचिव ने रिकार्ड खंगाले। हालांकि शिकायतकर्ता के कागजात पर कोई फर्म नहीं मिली।
फतेहगढ़ के मोहल्ला तलैया निवासी राजाराम ने सातनपुर मंडी सचिव से शिकायत की। कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि उनके नाम से मंडी में आलू का फर्जी लाइसेंस चल रहा है। इस पर तत्काल रोक लगाकर फर्जी लाइसेंस लेने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मंडी सचिव राम सेवक वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर उन्होंने अभिलेख व कंप्यूटर में रिकार्ड चेक कराया। उस नाम से मंडी में कोई भी फर्म संचालित नहीं पाई गई है। वहीं राजाराम के पौत्र सोनू ने बताया कि मंडी सचिव ने उन्हें दो-चार दिन में पूरे अभिलेख खंगालकर जांच करने का आश्वासन दिया है। (संवाद)
पीसीएफ के केंद्र प्रभारियों का नहीं बना लाइसेंस
फर्रुखाबाद। गेहूं की सरकारी खरीद के लिए जनपद में पीसीएफ के 22 क्रय केंद्र संचालित हैं। गेहूं खरीद शुरू होने के बावजूद अभी तक केंद्र प्रभारियों का सातनपुर मंडी से लाइसेंस जारी नहीं कराया गया। इस पर मंडी सचिव ने पीसीएफ जिला प्रबंधक को पत्र भेजकर केंद्र प्रभारियों का लाइसेंस जारी कराने को कहा है। इससे केंद्र प्रभारी गेहूं खरीद कर किसानों को 6-आर रसीद जारी कर सकें और उनके नाम से मंडी का गेटपास काटा जा सके। (संवाद)